भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को रन के 185 स्कोर पर समेटा
ऑकलैंड। अर्शदीप सिंह (चार विकेट), गुरनूर बराड़ (तीन विकेट) और अंशुल कम्बोज (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बुधवार को पहले एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 185 रनों के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को पांचवें ओवर में अर्शदीप सिंह ने विल यंग (नौ) को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद नौवें ओवर में अर्शदीप सिंह ने हेनरी निकल्स (नौ) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। 15वें ओवर में गुरनूर बराड़ ने टिम साइफर्ट का शिकार कर लिया। साइफर्ट ने 43 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 38 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में बराड़ ने टॉम लेथम (तीन) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। 27वें ओवर की पहली गेंद पर डैरिल मिशेल (28) रनआउट हुए।
