महादेव सट्टा ऐप मामला : सौरभ चंद्राकर की आज रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेशी, रिमांड मांग सकती है जांच एजेंसी
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अदालत में पेश किया जाएगा। करीब छह हजार करोड़ रुपए के कथित सट्टा घोटाले की जांच कर रही सीबीआई आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए अदालत से अपनी कस्टडी में लेने की मांग कर सकती है। इस बीच चंद्राकर के प्रत्यर्पण की वैधानिकता और सीबीआई की कार्रवाई को लेकर बचाव पक्ष की ओर से उठाए गए सवालों के कारण बुधवार की सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीबीआई की टीम मंगलवार को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली से फ्लाइट ई6 2307 के जरिए रायपुर लेकर पहुंची थी। रायपुर विमानतल पर आरोपी को गेट नंबर-2 से बाहर ले जाने की प्रारंभिक तैयारी की गई थी लेकिन बड़ी संख्या में मीडियाकर्मियों की मौजूदगी को देखते हुए उसे गेट नंबर-1 से बाहर निकाला गया। इसके बाद जांच एजेंसी के अधिकारी उसे वाहन में बैठाकर रवाना हो गए। इस दौरान विमानतल की लाइट भी कुछ समय के लिए बंद होने की बात सामने आई है।
अधिवक्ता ने दलील दी कि अंतरराष्ट्रीय प्रत्यर्पण के नियमों के अनुसार किसी आरोपी के विरुद्ध केवल उन्हीं मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, जिनके आधार पर उसका प्रत्यर्पण स्वीकृत हुआ हो। बचाव पक्ष ने सीबीआई की कार्रवाई को प्रत्यर्पण की शर्तों का उल्लंघन बताते हुए आरोपी को सीबीआई की हिरासत में दिए जाने का विरोध किया।
